सड़क के बनने से नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे तक मात्र 10 मिनट में पहुंच सकेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। ऊंचागांव से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के जाट चौक तक जाने वाल सड़क को सीमेंटेड बनाने की योजना पास हो गई है। इस सड़क के बनने से नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे तक मात्र 10 मिनट में पहुंच सकेंगे। यह सड़क करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाएगी।
ऊंचागांव से लेकर साहूपुरा जाट चौक तक जाने वाली सड़क अभी तारकोल और कंक्रीट की बनी हुई है। इस सड़क से ऊंचागांव, सेक्टर-61, 62, 63, 64, 65 और आदर्श नगर में रहने वाले लोग आवागमन करते हैं। इसके अलावा इस सड़क से साहूपुरा, मलेरना, सुनपेड़, शाहपुर कलां, सोतई, सागरपुर, डीग, असावटी, मांदकौल, फतेहपुर बिल्लौच, लढौली, ककड़ीपुर, गोपीखेड़ा, घाघौट, अटेरना, जवां, पन्हैड़ा कलां आदि गांव के लोग भी आवागमन करते हैं। ऊंचागांव से सेक्टर 62 चौक तक सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बरसात के दिनों में पानी भर जाता है। इसकी शिकायत लोगों ने विधायक मूलचंद शर्मा से की थी। जिस पर विधायक के कहने पर लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क का एस्टीमेट बनाकर सरकार के पास भिजवाया गया। अब उस योजना को मंजूरी मिल गई है और बजट भी मंजूर किया जा चुका है।
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रकाश लाल ने बताया कि ऊंचागांव से साहूपुरा जाने वाली सड़क को सीमेंटेड बनाने की योजना को सरकार से अब मंजूरी मिल चुकी है। जल्दी ही सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।