फरीदाबाद। भाटी हत्याकांड के मुख्य आरोपी मांगरिया के साथ ही लंबू नाम के युवक की पहचान क्राइम ब्रांच ने कर ली, लेकिन उसे पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। क्राइम ब्रांच ने अलग-अलग जगह से सीसीटीवी फुटेज हासिल की है जिसमें लंबू मनोज मांगरिया के साथ कार में बैठा दिखाई दे रहा है। हत्याकांड में अभी तक पकड़े गए शूटरों से पूछताछ में पुलिस को इसके बारे बेहद कम जानकारी मिली।
भाटी के ऊपर गोलियां चलाने में भी यह युवक शामिल था। आरोपी के बारे में बाकी शूटर भी ज्यादा नहीं जानते। आरोपी की लंबाई देखने मे छह फुट से अधिक लग रही है। भाटी की हत्या की योजना के दौरान भी आरोपी ने बाकी शूटरों को अपना असली नाम नहीं बताया, सभी इसे लंबू नाम से ही जानते हैं। सीसीटीवी फुटेज के हिसाब से वारदात के बाद लंबू कार में मनोज मांगरिया के साथ फरार हुआ था। पुलिस का अनुमान है कि लंबू फिलहाल मांगरिया के साथ ही है। पुलिस को अभी तक लंबू के बारे में केवल इतनी ही जानकारी मिली है कि उसका संबंध हापुड के किसी गांव से है। उसने पलवल से पढ़ाई की है। अनुमान है कि पलवल के ही किसी गिरोह के जरिए वह मनोज मांगरिया के संपर्क में आया और भाटी हत्याकांड की साजिश में शामिल हो गया। लंबू पर इससे पहले कोई मामला भी दर्ज नहीं है। पुलिस को मिली जानकारी के हिसाब से लंबू अच्छे परिवार से संबंध रखता है। उसके पिता सेना से रिटायर हैं, बहन दिल्ली पुलिस में सिपाही है। फिलहाल मांगरिया के साथ ही लंबू भी पुलिस के टारगेट पर है। पिछले दिनों क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 प्रभारी विमल कुमार और क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 प्रभारी संदीप मोर की टीम यूपी और उत्तराखंड के कई जिलों में छापे मारकर आए हैं लेकिन लंबू और मांगरिया अभी भी पकड़ से बाहर हैं।