फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने पैन सिटी के तहत पूरे शहर में 500 जगहों पर कुल 1200 कैमरे लगाए जाने हैं। अब तक 700 कैमरे लगाए जा चुके हैं। लेकिन नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) से इजाजत न मिलने पर और लग नहीं पा रहे थे। इस संबंध में स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से एनएचएआई को पत्र लिखा गया था, जिसकी अब अनुमति मिल गई है।
हाईवे के पांच किलोमीटर तक के रास्ते पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम अगले सप्ताह से शुरू हो जाएगा। 40 से 45 कैमरे सराय ख्वाजा से लेकर बाटा चौक तक लगाए जाएंगे। कैमरे की मदद से हाईवे पर तेज गति से वाहन चलाने व आपराधिक घटनाओं पर नजर रखी जा सकेगी। शुरुआती चरण में एनआईटी के 30 जगहों पर कैमरा लगाने का काम पूरा हो गया है। इन जगहों पर 250 कैमरे लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा बाईपास रोड पर भी कुछ जगहों पर सीसीटीवी कैमरे और ट्रैफिक सिग्नल लगाने का काम कर लिया गया है।
इनकी पिक्चर भी सेक्टर-20ए में बने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में आनी शुरू हो चुकी है। साथ ही बल्लभगढ़ के पांच स्थानों पर भी काम पूरा हो गया है। स्मार्ट सिटी लिमिटेड की सीईओ डॉ. गरिमा मित्तल ने बताया कि हाईवे पर कैमरा लगाने का काम जल्द शुरू कर दिया जाएगा। इस कार्य के पूरा होने के बाद शहर के दूसरे रास्तों को चिहिन्त कर सीसीटीवी कैमरा लगाने का कार्य पूरा किया जाएगा।