फरीदाबाद। तीन दोस्तों ने मिलकर चोरी को ही अपना धंधा बना लिया। एक घर की रेकी की, मौका मिलते ही पत्थर से ताला तोड़ा और घर में रखी नकदी व आभूषण लेकर भाग गए। जांच में सामने आया कि तीनों आदतन चोर हैं। इनमें नरेश के खिलाफ 32, सोनू के खिलाफ 33 और संतोष के खिलाफ पहले से चोरी के चार मामले दर्ज हैं।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ने सात अगस्त को तीनों आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान नरेश और संतोष निवासी भट्टा कॉलोनी, भंगेल (नोएडा) व सोनू निवासी अंबेडकर नगर (दिल्ली) के रूप में हुई है। प्राथमिकी के अनुसार सेक्टर-56 स्थित दिलीप कॉलोनी निवासी सोनू ने शिकायत दी थी कि 21 मार्च को वह परिवार के साथ घर से बाहर गया था। अगले दिन लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने-चांदी के आभूषण और पचास हजार रुपये की नकदी गायब मिली। शिकायत पर सेक्टर-58 थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ने तीनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। संवाद