कस्वा हसनपुर थाना पुलिस ने अदालत के आदेश पर 21 अप्रैल को गांव रामगढ़ में वकील और उसके भांजे पर फायरिंग कर जानलेवा हमला कर उसकी कार को क्षतिग्रस्त करने की घटना में थाना पुलिस ने 14 नामजद सहित 24 अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
हसनपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि गांव बासवां निवासी धर्मेंद्र सिंह ने जुडिशल मजिस्ट्रेट उमेश कुमार की अदालत में दी शिकायत में बताया कि वह पेशे से वकील है। 21 अप्रैल को अपनी बहन के यहां रामगढ़ गया हुआ था।
पीड़ित ने कहा कि पहले गांव के सुमेर सरपंच के घर गया तो वंहा जानकारी मिली सरपंच खेत गए हैं। बाद में वह अपने भांजे नीरज को अपनी कार में बिठाकर सरपंच के खेतों पर चल दिए।
जब वे खेतों पर पहुंचे तो देखा कि 25-30 व्यक्ति अपने हाथों में घातक हथियार लिए हुए थे, जिनकी उसने अपनी कार में से वीडियो बनाई। जिनमें से कुछ को उसके भांजे ने पहचान लिया। उन्होंने गाड़ी को रुकवाया और गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़ित वकील ने विरोध किया तो उन्होंने कार पर लाठी, गंडासा व फरसा से हमला कर कार में तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
शिकायत में पीड़ित ने कहा जब उसने अपनी बचाव के लिए वहां से भागना चाहा तो आरोपियों ने अवैध हथियार से फायरिंग शुरू कर दी। पीड़ित ने मामले की शिकायत थाना पुलिस को दी तो पुलिस ने उल्टा उसके खिलाफ केस दर्ज कर दिया।
बाद में पीड़ित वकील ने मामले की शिकायत जुडिशल मजिस्ट्रेट उमेश कुमार की अदालत में कर दी अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए हसनपुर थाना पुलिस को गांव रामगढ़ निवासी सुमेर, हरि, चन्दन, भगत, भोला, रोहित, मुकेश, सुधीर,कर्मवीर, उदयवीर, तेजन, कुलदीप, पवन व नन्दकिशोर के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए।
पुलिस ने अदालत के आदेश के बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि जांच के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।