बाइक धीरे चलाने की नसीहत देने पर किया था झगड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गांव धौज में बाइक धीरे चलाने की नसीहत देने पर हुए झगड़े के दौरान महिला के गर्भपात मामले में पुलिस ने छह नामजद सहित 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। छह फरवरी को हुई मारपीट के दौरान महिला का पांच माह का गर्भ गिर गया था। पुलिस ने भ्रूण को बीके अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धौज निवासी आरिफ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि छह फरवरी की शाम करीब छह बजे वह अपने घर के बाहर खड़ा था तभी गांव में रहने वाला हसमुद्दीन नाम का युवक तेज रफ्तार में बाइक चलाकर ले जा रहा था। आरिफ ने हसमुद्दीन को बाइक धीमी गति से चलाने की नसीहत दी। आरोप है कि इस पर हसमुद्दीन ने दोस्तों पर परिजनों के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने बीच बचाव में आए भाई, बहन व तीन भाभियों के साथ भी मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी छोटी भाभी के पेट में लात और लाठी-डंडों से वार किए। उन्हें गंभीर हालत में बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि महिला के गर्भ में पल रहे पांच माह के शिुश की मौत हो गई। महिला चिकित्सक की जांच के बाद धौज थाना पुलिस ने सहाबू उर्फ बाबुली, नइमु, हसमुद्दीन, गुप्ता, गयास, गांधी सहित 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।