पलवल। पृथला गांव स्थित रेलवे परियोजना स्थल से रेलवे का सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। यहां एलएंडटी कंपनी की ओर से संचालित रेलवे परियोजना के दौरान सुरक्षा उपकरणों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्ड चोरी हो गए। कंपनी के प्रशासनिक विभाग में कार्यरत राजेश कुमार ने गदपुरी थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है।
राजेश कुमार के अनुसार परियोजना स्थल पर यार्ड में 10 रेलवे लाइनें बिछाई गई हैं। रूटीन चेक के दौरान लाइन नंबर सात के साथ लगे सभी सात डीपी बॉक्स से कार्ड चोरी मिले। ये कार्ड रेलगाड़ियों के सुरक्षित संचालन के लिए बेहद जरूरी होते हैं।
गदपुरी थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया, शिकायत के आधार पर चोरी का मामला अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद
क्या है डीपी बॉक्स
रेलवे में, डीपी बॉक्स, जिसे एक्सल काउंटर भी कहा जाता है, एक सुरक्षा उपकरण है जो पटरियों के किनारे लगा होता है। इसका मुख्य काम ट्रेन के गुजरते समय उसके एक्सल (पहियों के नीचे की धुरी) की गिनती करना है। यह सुनिश्चित करता है कि ट्रेन के सभी डिब्बे सुरक्षित रूप से एक साथ जुड़े हुए हैं और कोई डिब्बा अलग नहीं हुआ है।