सेक्टर-11 पुलिस ने पलवल से आरोपी को दबोचा, कार बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-11 पुलिस चौकी टीम ने निजी अस्पताल की पार्किंग से 16 जून को चोरी हुई कार के मामले में 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कार भी बरामद कर ली है। आरोपी की पहचान यश नरवत निवासी गांव खेड़ी कला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
आरोपी के पिता का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा था, जिसके कारण वह अस्पताल और वहां की पार्किंग व्यवस्था से परिचित था। घूमने-फिरने के लिए वाहन की जरूरत होने पर उसने कार चोरी की योजना बनाई। आरोपी ने पहले पार्किंग में खड़ी कार का नंबर नोट किया और बाद में खुद को वाहन मालिक बताकर पार्किंग कर्मी से कार की चाबी ले ली। इसके बाद वह कार लेकर भाग गया।
पुलिस प्रवक्ता
के अनुसार ऊंचा गांव बल्लभगढ़ निवासी अशोक कुमार चौधरी ने शिकायत दी थी कि वह 16 जून को उपचार के लिए निजी अस्पताल गए थे। उन्होंने अपनी कार अस्पताल की पार्किंग में खड़ी की थी। इलाज के बाद लौटने पर उनकी कार पार्किंग से गायब मिली। इसके बाद थाना सेक्टर-8 ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।