पल्ला थाना पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
थार को जब्त कर पुलिस ने शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पल्ला थाना इलाके में थार सवार ने पोलो कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार कई पलटी खाते हुए गड्ढे में जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इतने गंभीर हादसे के बावजूद कार चालक को मामूली चोटें ही लगी। पोलो कार चालक की शिकायत पर पल्ला थाना पुलिस ने थार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि थार को जब्त कर लिया गया है। मामले में टीम कार्रवाई कर रही है।
पुलिस को शिकायत देने वाले ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर 85 के रहने वाले अभिषेक सिंह एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगलवार दोपहर 12:30 दोपहर वह एतमादपुर नहर पुल से पल्ला पुराने पुल जा रहे थे। अपनी गाड़ी पोलो को सड़क किनारे रोककर किसी का इंतजार करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान थार चालक लापरवाही व तेज रफ्तार से कार चलाते हुए आया और इनकी कार में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार उछलकर पलटी खाते हुए गड्ढे में जा गिरी। एयर बैग खुलने से पीड़ित की जान बच गई।
मौके पर लोगों ने मदद की और उन्हें कार से बाहर निकाला। आरोप है कि टक्कर मारने वाली थार में एक युवक और एक युवती सवार थे। हादसे के बाद दोनों कार छोड़कर वहां से भाग गए। कुछ देर बाद एक अन्य थार में कुछ लोग आए और एक्सीडेंट करने वाली थार की नंबर प्लेट उखाड़कर ले जाने लगे लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें रोक दिया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।