फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित अदालत में गैर जमानती वारंट पर गवाही देने गए हरियाणा पुलिस के अधिकारी जगबीर सिंह की कार दस अगस्त को चोरी हो गई। उन्होंने अपनी कार सेंट्रल थाना सेक्टर-12 के पीछे हेलीपैड ग्राउंड में खड़ी की थी।
करीब साढ़े चार बजे गवाही देकर लौटे तो कार वहां नहीं मिली। कार में 50 हजार रुपये नकद, पुलिस का पहचान पत्र, पुलिस वर्दी, सिविल कपड़े, कार की दूसरी चाबी और वाहन के दस्तावेज रखे थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जगबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह आदर्श कॉलोनी, वार्ड नंबर-14, सफीदों मंडी, जिला जींद के निवासी हैं और थाना छांयसा में अनुसंधान अधिकारी के पद पर तैनात हैं। दस अगस्त को सुबह करीब 11 बजे वह न्यायिक दंडाधिकारी नवीन कुमार की अदालत में गवाही देने के लिए अपने दोस्त की कार लेकर सेक्टर-12 पहुंचे थे। शाम करीब 4:30 बजे वापस लौटे तो कार वहां नहीं थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि टीम ने शिकायतकर्ता के साथ मौके पर जाकर जांच शुरू कर दी है। संवाद