शहर में खुले सीवर के मैनहोल और नाले लोगों के लिए बने हुए हैं खतरा अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बारिश के बाद शहर की सड़कों पर जलभराव के साथ खुले सीवर मैनहोल और नाले लोगों के लिए बड़ा खतरा बन गए हैं। कई जगह सीवर के गड्ढों पर ढक्कन नहीं हैं तो कहीं मैनहोल सड़क से नीचे धंसे हुए हैं। पानी भरने पर ये दिखाई भी नहीं देते। मंगलवार देर रात पदम नगर में खुले सीवर में कार गिरने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। शहर के कई इलाकों में सीवर और मैनहोल खुले पड़े है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-33 के पदम नगर गली नंबर-4 में मंगलवार देर रात खुले सीवर में कार गिर गई। इसके कारण कार चालक राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क पर सीवर का गड्ढा काफी समय से खुला पड़ा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गड्ढे के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। वहीं स्ट्रीट लाइट भी काफी समय से खराब पड़ी हुई है। इसके कारण सड़क पर अंधेरा छाया रहता है। इसी दौरान वाहन चालक की नजर खुले सीवर पर नहीं पड़ी और कार सीधे उसमें जा गिरी। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और चालक को वाहन से बाहर निकाला। घायल राकेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
विज्ञापन
कई जगह हादसे का खतरा
बारिश के बाद शहर में जलभराव के साथ खुले सीवर मैनहोल और नाले लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। कई सड़कों पर घंटों तक पानी जमा रहने के कारण वाहन चालकों को सड़क की स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में खुले मैनहोल, टूटे ढक्कन और सड़क से नीचे धंसे सीवर चैंबर हादसे का खतरा बढ़ा रहे हैं। सेक्टर-15 में नेहरू कॉलेज की ओर जाने वाली सड़क पर सीवर मैनहोल का ढक्कन गायब है। इसके अलावा एनएच-19 पर बल्लभगढ़ से बाटा फ्लाईओवर की ओर जाने वाले मार्ग पर भी मैनहोल का ढक्कन नहीं है। हार्डवेयर चौक से बाटा चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर बाटा टूल मार्केट के पास खुला नाला भी खतरा बना हुआ है।
सेक्टर-12 में एफएमडीए कार्यालय की ओर जाने वाले मार्ग पर सीवर का मैनहोल सड़क के स्तर से नीचे धंसा हुआ है। इससे वाहन गुजरने पर झटका लगता है। बारिश के दौरान पानी भरने से इसकी गहराई दिखाई नहीं देती और दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश से पहले खुले मैनहोल, नालों और जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए। जहां ढक्कन गायब हैं, वहां तत्काल नए ढक्कन लगाने और धंसे मैनहोल को सड़क के बराबर करने की जरूरत है।