फरीदाबाद। अनखीर चौक के पास बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12 बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर को पार करते हुए ग्रीन बेल्ट में बनी झुग्गियों में जा घुसी। हादसे में झुग्गी में मौजूद 10 वर्षीय बच्ची घायल हो गई।
हादसे में कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, प्याली चौक से हार्डवेयर की ओर जाने वाले मार्ग पर भी देर रात करीब दो बजे तेज रफ्तार कार ट्राले से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार चालक घायल हो गया। सड़क किनारे मौजूद दो लोगों ने कार को तेज गति से अपनी ओर आता देख समय रहते भागकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।