फरीदाबाद। दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर- 84 और गांव सीकरी के पास रविवार को चलती गाड़ी में आग गई। गाड़ी में उस समय चालक व उनकी पत्नी और तीन छोटे बच्चे सवार थे। गाड़ी से धुआं निकलते ही चालक ने सतर्कता दिखाते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
गांव खंदावली निवासी सरवर खान ने बताया कि वह रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे अपनी क्रेटा कार से परिवार सहित अपने रिश्तेदार के यहां सोहना जा रहे थे। गाड़ी में उनकी पत्नी, 10 वर्षीय बेटी मायरा, 7 वर्षीय बेटा अरशद और 4 वर्षीय बेटी इंशा मौजूद थे। जैसे ही वे नेशनल हाईवे से दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर सोहना की ओर चढ़े गाड़ी के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए तुरंत गाड़ी रोककर सभी को बाहर निकाला। कुछ ही पल में गाड़ी में आग पकड़ ली और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। बता दें कि दो दिनों में तीन गाड़ियों में आग लगी है।
सूचना मिलते ही सीकरी पुलिस चौकी से एएसआई नरेंद्र मौके पर पहुंचे। साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग गाड़ी से बाहर निकल चुके थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।पुलिस के अनुसार, गाड़ी में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है।