होडल। नेशनल हाईवे पर ब्रज रसोई होटल के समीप पाइप लगाने वाले कर्मचारियों को तेज रफ्तार में लापरवाही से आ रही कैंटर चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के मामा की शिकायत पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी सोमपाल सिंह के मुताबिक, यूपी बरेली निवासी हीरालाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एटीएमएस कंपनी में ठेकेदार का काम करता है। उसका भांजा आकाश निवासी हरीरामपुर बरेली व हेमदत निवासी बामनी खेड़ा सहित तीन चार अन्य मजदूर मुंडकटी चौक से आगे ब्रज रसोई के समीप पाइप डाल रहे थे। इसी दौरान पलवल की तरफ से आए कैंटर चालक ने सेफ्टी पॉइंट पर काम कर रहे कर्मचारियों को टक्कर मार दी और इसके बाद कैंटर भी डिवाइडर पर पलट गया। इसमें भांजा आकाश व शिवम सहित कैंटर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां भांजे की इलाज के दौरान मौत हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। संवाद