फरीदाबाद और बल्लभगढ़ खंड में 10-10 टीमें बनाईं
राजकीय स्कूलों का औचक निरीक्षण कर एप के माध्यम से रिपोर्ट अपलोड करेंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। राजकीय स्कूलों में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए सोमवार से विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में फरीदाबाद और बल्लभगढ़ खंड में 10-10 टीमें बनाई गई हैं, जो राजकीय स्कूलों का औचक निरीक्षण कर मौके पर ही मोबाइल एप के माध्यम से रिपोर्ट को अपलोड करेंगी, जिसे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अपने मोबाइल और कंप्यूटर पर देख सकेंगे। इसके आधार पर अगले सत्र में पढ़ाई के स्तर को सुधारने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी।
प्रदेश सरकार की ओर से निजी स्कूलों को टक्कर देने के लिए कई योजनाएं तैयार की जा रही हैं। इसी क्रम में विभाग के अधिकारी राजकीय स्कूलों में गुरुजी के पढ़ाने के तरीकों पर 15 मार्च तक नजर रखेंगे। पहले चरण में दो खंडों में तैनात खंड समन्वयक संयोजक और सहायक खंड समन्वयक संयोजक स्कूलों में जाकर शिक्षकों के पढ़ाने का तरीका देखेंगे। इसके बाद शिक्षा विभाग की ओर से बनाई गई वरिष्ठ अधिकारियों की टीम स्कूलों में जाकर औचक निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान ही मोबाइल एप के माध्यम से रिपोर्ट अपलोड करेंगी।
गुरुजी के पढ़ाने के दौरान कक्षा में अगर विद्यार्थी नहीं समझ पाते हैं, तो पढ़ाने के तरीके में भी बदलाव किया जा सकता है। निपुण हरियाणा
की जिला प्रभारी डॉ. अविनाशा शर्मा ने बताया कि इसके लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। प्रत्येक स्कूलों में जाकर शिक्षकों के विद्यार्थियों को पढ़ाने का तरीका देखा जाएगा। विद्यार्थियों से संबंधित विषयों के प्रश्न पूछे जाएंगे। पढ़ाई के दौरान अगर विद्यार्थी नहीं समझ पाते हैं, तो शिक्षकों को प्रशिक्षित कर विद्यार्थियों को आसान तरीके से पढ़ाने के गुर सिखाए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को आसानी से समझाया जा सके।
स्कूलों में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। स्कूलों का औचक निरीक्षण कर शिक्षकों के पढ़ाने का तरीके देखा जाएगा। रिपोर्ट मौके पर ही ऑनलान अपलोड की जाएगी।
-आशा दहिया, जिला शिक्षा अधिकारी