- गिरते भू-जल स्तर में सुधार करने के साथ स्वच्छ पेयजल सप्लाई करना लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जल संरक्षण को बढ़ावा देने और लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जिले के तीन प्रमुख इलाकों में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। वहीं, जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए फरीदाबाद व पलवल के करीब 250 गांवों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस पर लगभग 40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
फरीदाबाद में पेयजल की समस्या काफी समय पहले से बनी हुई है। कई इलाकों में पेयजल की पाइप लाइन टूटी हुई है व कहीं बिछाई नहीं गई है। वहीं कई स्थानों पर पर्याप्त मात्रा में ट्यूबवेल न होने के कारण पानी की सप्लाई ठीक से नहीं हो पा रही है। इससे निपटने के लिए प्रशासन एक तरफ पानी की लाइन बिछाने का काम करेगा। साथ ही ग्रामीण इलाकों में जल संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा ताकि गिरते हुए भू-जल स्तर को बढ़ाया जा सके।
कई कॉलोनियों को मिलेगा फायदा
जिले में एनआईटी-7 का नांगला एंक्लेव पार्ट-2, डबुआ कॉलोनी और सेक्टर-28 में पाइप लाइन बिछाने, ट्यूबवेल लगाने और ड्रेनेज सिस्टम सुधारने के कार्य किए जाएंगे। नांगला एंक्लेव पार्ट-2 में ट्यूबवेल बोरिंग के लिए करीब 12 लाख रुपये की योजना तैयार की गई है। यहां 22 फीट रोड पर वेद मंदिर के पास नया ट्यूबवेल लगेगा। वहीं इसी क्षेत्र के एयरफोर्स 100 मीटर एरिया में 17 लाख रुपये की लागत से 100 एमएम की पाइपलाइन डाली जाएगी। डबुआ कॉलोनी के डी-ब्लॉक में 30 लाख रुपये की लागत से नई पीवीसी पाइप लाइन डाली जाएगी और सड़कों पर सीमेंट कंक्रीट की परत बिछाकर जल निकासी व्यवस्था को भी सुधारा जाएगा। इसके साथ सेक्टर-28 में करीब 35 लाख रुपये की लागत से 150 एमएम की डीआई पाइप लाइन डाली जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता पर होगा फोकस
फरीदाबाद और पलवल के लगभग 250 गांवों में जल संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ग्रामीणों को बताया जाएगा कि वर्षा जल संचयन के क्या लाभ हैं। इसके लिए नुक्कड़ नाटक और वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी। साथ ही प्रचार वाहन से भी गांवों में संदेश दिया जाएगा। इस अभियान के लिए 40 लाख रुपये का बजट तय किया गया है। बता दें कि प्रदेश के मैदानी इलाकों में भूजल स्तर तेजी से गिरता जा रहा है। फरीदाबाद और पलवल में भी यही स्थिति है। पानी की बर्बादी रोकना और अल्पवर्षा की स्थिति में जल की उपलब्धता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। नगर निगम फरीदाबाद और जल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि जल संरक्षण अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अभियान को सफल बनाएं।
नगर निगम की तरफ से पेयजल को लेकर लगातार काम किया जा रहा है। निगम की तरफ से कई परियोजनाओं के लिए काम शुरू कर दिया गया है। - नितिन, कार्यकारी अभियंता नगर निगम