फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: संवेदनशील इलाकों में जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अभियान तेज

विज्ञापन
विज्ञापन
एफएमडीए के सीईओ ने बड़खल फ्लाईओवर से गुडियर चौक तक तैयारियों का निरीक्षण
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो

फरीदाबाद। मानसून के दौरान हर साल जलभराव और यातायात जाम की समस्या से जूझने वाले फरीदाबाद में इस बार समय रहते तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने शहर के संवेदनशील इलाकों में जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को एफएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पीसी मीणा ने बड़खल फ्लाईओवर, बुढ़िया नाला, गौंछी नाला और गुडियर चौक सहित कई जलभराव संभावित स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश शुरू होने से पहले सभी अधूरे कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण की शुरुआत बड़खल फ्लाईओवर क्षेत्र से हुई, जो हर वर्ष बारिश के दौरान शहर के सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में शामिल रहता है। यहां वीवीआई सेक्टर-21ए, 21बी और 21सी के साथ पुलिस आयुक्त कार्यालय और केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के आवास को जोड़ने वाली स्मार्ट रोड पर घुटनों तक पानी भर जाता है। इसका सीधा असर दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के यातायात पर पड़ता है और कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है।
विज्ञापन


मुख्य अभियंता विशाल बंसल ने सीईओ को बताया कि इस बार जलभराव से निपटने के लिए अतिरिक्त पंप सेट और जनरेटर की व्यवस्था की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल पानी निकाला जा सके और यातायात प्रभावित न हो।

नालों की सफाई में तेजी, मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश

इसके बाद सीईओ ने बुढ़िया नाला और गौंछी नाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश स्थानों पर सफाई कार्य संतोषजनक मिला, लेकिन कुछ हिस्सों में प्लास्टिक और ठोस कचरा जमा होने पर उन्होंने अधिकारियों को मशीनों की संख्या बढ़ाकर सफाई अभियान तेज करने के निर्देश दिए।

कार्यकारी अभियंता ओमदत्त ने बताया कि जेसीबी, सक्शन मशीन और श्रमिकों की मदद से लगातार नालों से गाद, प्लास्टिक और अन्य मलबा निकाला जा रहा है। अब तक बड़ी मात्रा में गाद हटाई जा चुकी है और शेष कार्य अगले कुछ दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि बारिश के समय पानी की निकासी बिना किसी रुकावट के हो सके।

गुडियर चौक पर बन रही नई पाइपलाइन से मिलेगी राहत

सीईओ ने शहर के व्यस्ततम ट्रैफिक जंक्शनों में शामिल गुडियर चौक का भी निरीक्षण किया। हर वर्ष यहां जलभराव के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित होता है। अधिकारियों ने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए गुरुग्राम नहर तक बड़ी पाइपलाइन बिछाई जा रही है। यह कार्य अगले 15 दिनों में पूरा होने की संभावना है। पाइपलाइन शुरू होने के बाद बारिश का पानी तेजी से निकलेगा और चौक पर जलभराव की समस्या काफी हद तक कम होगी।

कंट्रोल रूम और त्वरित कार्रवाई दल रहेंगे सक्रिय

निरीक्षण के दौरान सीईओ पीसी मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान जलभराव की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए एक नियंत्रण कक्ष लगातार सक्रिय रखा जाएगा और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष टीमें तैनात रहेंगी। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में पंपिंग मशीनों और अन्य संसाधनों को तुरंत मौके पर पहुंचाने की व्यवस्था पहले से तैयार रखी जाए।

हर साल लोगों को उठानी पड़ती है भारी परेशानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़खल फ्लाईओवर, गौंछी क्षेत्र, गुडियर चौक और आसपास के इलाकों में बारिश के दौरान पानी भरने से स्कूल बसें, कार्यालय जाने वाले कर्मचारी और हाईवे से गुजरने वाले हजारों वाहन चालक घंटों जाम में फंस जाते हैं। कई कॉलोनियों में पानी भरने से लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में इस बार समय रहते की जा रही तैयारियों से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

एफएमडीए का दावा है कि नालों की समय पर सफाई, पंपिंग व्यवस्था को मजबूत करने, जलनिकासी परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने और निगरानी तंत्र को सक्रिय रखने से इस बार शहर में जलभराव की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा। प्राधिकरण आने वाले दिनों में भी विभिन्न क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण करेगा और मानसून शुरू होने से पहले सभी तैयारियों को अंतिम रूप देगा।
विज्ञापन


वर्जन

बरसात से पहले नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जहां भी काम बाकी है, उसे तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। — पीसी मीणा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एफएमडीए
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें