संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा रविवार को शहर में मुक्ति अभियान चलाया गया। इसी के तहत ब्यूरो पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह और ब्यूरो के उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय पहुंचे। इस दौरान स्कूल में नशे के विरुद्ध अभियान और प्रतियोगिता आयोजित की गई।
ओपी सिंह और डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने स्कूल में नशे के विरुद्ध एक दिवसीय जागरूकता सत्र आयोजित किया। विद्यालय के 488 विद्यार्थियों, 20 शिक्षकों और 5 अन्य कर्मचारियों को भारत सरकार द्वारा चलाए गए नशा मुक्त अभियान से जोड़ा गया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया। उन्होंने कहा कि भारत में अफीम, चरस, हेरोइन, स्मैक, चिट्टा, एलएसडी, एमडीएम, नशे की गोली और टीके प्रतिबंधित हैं। अगर कोई इसका इस्तेमाल करता हुआ पाया जाता है तो 1933 अथवा 9050891508 पर निर्भीकता से इसकी सूचना दें। कार्यक्रम के अंत में नशे मुक्त अभियान पर एक प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में नवम कक्षा की ख्याति ने प्रथम, देव गौतम ने द्वितीय और कक्षा सप्तम के आशीष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।