आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल कर रंगदारी न देने पर बेटे को मारने की धमकी दी
शाम तक ही 10 लाख रुपये देने का दबाव बनाया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एनआईटी क्षेत्र में रहने वाले एक फैक्टरी मालिक को कॉल कर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल कर रुपये मांगे और न देने पर बेटे को मारने की धमकी दी। आरोपी ने बुधवार को कॉल कर धमकी देते हुए रात 10 बजे तक 10 लाख रुपये देने का दबाव बनाया। कॉल पर मिली धमकी के बाद से पूरा परिवार दहशत में है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। थाना पुलिस के साथ ही अपराध शाखा की टीम मामले में जांच कर रही है। आरोपी के मोबाइल नंबर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को शिकायत देने वाले फैक्टरी मालिक एनआईटी एरिया में रहते हैं। कारोबारी का कहना है कि बुधवार 12 फरवरी की दोपहर बाद 4 बजकर 10 मिनट पर इनके नंबर पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम रोहित कालरा बताते हुए 5 करोड़ की रंगदारी मांगी। रुपये न देने पर आरोपी ने कारोबारी के बेटे को मारने की धमकी दी। आरोपी ने व्हाट्सएप पर परिवार को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। साथ ही रात 10 बजे तक 10 लाख रुपये देने का दबाव बनाया। रुपये न देने पर अपने नुकसान के जिम्मेदार तुम होंगे कहकर आरोपी ने डराया। पीड़ित ने तुरंत शिकायत पुलिस को दी। जिस पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।