वेबसाइट मालिक महिला ने आरोप लगाया कि लगभग नौ करोड़ रुपये लोगों से बुकिंग के नाम पर ठग लिए गए
साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ में एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ऑनलाइन एयर टिकट बुकिंग की सुविधा मुहैया कराने वाली वेबसाइट को किराये पर लेकर कुछ लोगों ने फर्जीवाड़ा कर दिया। आरोप है कि लोगों को नकली टिकट देकर इन्होंने करीब नौ करोड़ रुपये इकट्ठा कर लिए। तीन महीने तक चले फर्जीवाड़े के बाद लोगों की शिकायतें आई तो ये वेबसाइट ब्लॉक कर दी गई। तब वेबसाइट मालिक महिला को पूरे फर्जीवाड़े का पता चला। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले में जांच शुरू की है।
पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-आठ की रहने वाली महिला ने है। धोखाधड़ी, बदनामी, वेबसाइट के दुरुपयोग व धमकी देने का आरोप इन्होंने विश्वदीप सिंह, हिमांशु, आकाशदीप, दीक्षा और अर्पित पर लगाया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि ये वेबसाइट www.faresoflights.com की प्रोपराइटर हैं। इनका कहना है कि ये कंपनी ऑनलाइन सेवाएं/टिकटिंग की सुविधा मुहैया कराती है। साल 2022 से ये वेबसाइट चला रही हैं। आरोप है कि विश्वदीप से उनका परिचय अक्टूबर 2022 में हुआ। विश्वदीप ने शिकायतकर्ता महिला की ये वेबसाइट एक अगस्त 2024 से 2.20 लाख रुपये मासिक किराये पर ले ली।
बाद में महिला को विभिन्न माध्यम से ग्राहक/यात्री की शिकायतें और समीक्षाएं मिली। इससे पता चला कि आरोपियों ने एयर टिकट बुकिंग के नाम पर फर्जीवाड़ा किया है। लोगों को फर्जी टिकट भेज दी गई और रुपये ले लिए गए। महिला ने कई बार विश्वदीप और उसके अन्य साथियों से संपर्क कर इस बारे में बात की। शिकायतों के चलते पोर्टल/वेबसाइट ब्लॉक हो गई।
महिला ने आरोप लगाया है कि विश्वदीप सिंह ने जाली ई-मेल तैयार की। इसके जरिये आरोपियों ने ग्राहकों को लुभाया। आरोप है कि कई बार संपर्क के बावजूद ये आरोपी बकाया राशि को चुकाने, वेबसाइट के दुरुपयोग और परिणामी नुकसान के संबंध में कोई स्पष्टीकरण या जवाब नहीं दे रहे हैं। आरोप है कि विश्वदीप ने महिला के पति को धमकी भी दी।
आरोपियों ने जनवरी 2025 से अप्रैल 2025 तक टिकट की 2500 बुकिंग के नाम पर लगभग नौ करोड़ रुपये वसूल किए। इसके अलावा वेबसाइट के दुरुपयोग व प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने के लिए 90 लाख रुपये और तीन महीने का किराया 6.60 लाख रुपये का किराया न देने का आरोप लगाया है। मामले में अब पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।