फरीदाबाद। कला में माहिर बनने के लिए स्कूली विद्यार्थियों को ऑनलाइन कार्यशाला में शामिल होने का मौका मिलेगा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने दो दिवसीय आर्ट कार्यशाला चित्रम में भागेदारी के लिए स्कूलों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यह आयोजन आठ व नौ अप्रैल को होगा। इच्छुक 20 मार्च तक पंजीकरण कर सकते हैं।
इसमें आर्टिस्ट शिक्षकों को कला के गुर सिखाएंगे। वहीं नौ अप्रैल को स्कूली छात्रों के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें छात्र ऑनलाइन भाग लेंगे। छात्रों के लिए ऑनलाइन प्रतियोगिता का आयोजन तीन श्रेणियों में किया जाएगा। इसके तहत छात्र पांचवीं व छठी, सातवीं व आठवीं, नौवीं व 11वीं कक्षाओं के ग्रुप में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता वाले दिन छात्रों को निर्देशानुसार ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़ना होगा।
इसके बाद दिए गए विषयों पर पेंटिंग करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान छात्र ऑनलाइन ही रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं के नाम घोषित कर उन्हें ई-सर्टिफिकेट मुहैया कराए जाएंगे। एनआईटी-3 स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या ज्योति दहिया ने बताया कि स्कूलों को आर्ट कार्यशाला और प्रतियोगिता को लेकर निर्देश मिले हैं। छात्रों व शिक्षकों को जागरूक कर कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।