फरीदाबाद। थाना धौज इलाके में महिला दिवस के दिन ही एक पति ने अपनी पत्नी पर तेल छिड़कर आग लगा दी। पीड़िता के मुताबिक उसका पति शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। महिला ने मना किया तो पति ने उस पर तेल छिड़ककर आग लगा दी। दो दिन तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
गांव गोठड़ा मोहबताबद निवासी धर्मवती (36) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी को करीब 17 वर्ष हो चुके हैं। उसके तीन बेटे और दो बेटियां हैं। आरोप है कि उसके पति संजीव शराब पानी के आदी हैं। वह धर्मवती से शराब पीने के लिए रुपये मांगता है। आठ मार्च शाम करीब साढ़े चार बजे संजीव घर आया और शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा। आरोप है कि रुपये देने से इनकार करने पर संजीव ने उसके साथ मारपीट की और अपने हाथ में ली हुई बोतल से उसके ऊपर डीजल उड़ेल दिया। संजीव ने कहा कि अभी तेरा काम तमाम कर देता हूं।
धर्मवती ने बचाव के लिए बाहर भागने की कोशिश की, लेकिन तब तक संजीव ने माचिस से आग लगाकर बाहर का दरवाजा बंद कर दिया। आसपास के लोगों ने धर्मवती के मायके में फोन कर दिया। धर्मवती की मां वेदवती व भाई हरिचंद उसे इलाज के लिए बीके अस्पताल में लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने उसे सफदरजंग रेफर कर दिया। दो दिन बाद जब वह बयान देने के लायक हो गई तो पुलिस ने उसकी शिकायत पर उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।