परिषद फरीदाबाद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बैठक मे विशेष अभियान की रूपरेखा तैयार की
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिला परिषद फरीदाबाद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिखा की अध्यक्षता में वीरवार को बैठक आयोजित की गई। इसमें स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत स्वतंत्रता दिवस सप्ताह के दौरान चलाए जाने वाले विशेष अभियान की रूपरेखा तैयार की गई। उन्होंने कहा कि जिला फरीदाबाद के ग्रामीण आंचल में उपायुक्त विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवधि में जिला फरीदाबाद की समस्त ग्राम पंचायतों में आजादी का श्रमदान कार्यक्रम के तहत विशेष साफ-सफाई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
ग्राम वासियों को इस कार्यक्रम के बारे जागरूक करने के लिए स्कूलों के माध्यम से जागरूकता रैलियां निकाली जाएंगी, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छता और राष्ट्र भक्ति के प्रति प्रेरित किया जाएगा। सभी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं गांवों में स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी और सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर वहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
इस अवसर पर जिला परिषद फरीदाबाद सीईओ ने जिला परिषद के प्रधान विजय लोहिया, उप प्रधान धर्म सिंह एवं जिला परिषद के सदस्यों को तिरंगा भेंट कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की तथा जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें और लोगों को इस अभियान में भागीदार बनने के लिए प्रेरित करें।
गौरव गौतम फरीदाबाद में फहराएंगे तिरंगा
फरीदाबाद में 15 अगस्त को सुबह 9 बजे तिरंगा फहराया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे व तिरंगा फहराएंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। वहीं इसमें सैकड़ों लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।