तेज रफ्तार वाहन चालक रात में व कोहरे के समय हो जाते हैं हादसे का शिकार
दिल्ली–मुंबई–वडोदरा एक्सप्रेस-वे से लगते इलाकों में होगा कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण दिल्ली–मुंबई–वडोदरा एक्सप्रेस-वे से लगते इलाकों से झाड़ियां साफ करेगा। सेक्टर-2, 56, 56ए, 62, 64 और 65 की ग्रीन बेल्ट में झाड़ियां और जंगलनुमा अवैध पौधों की सफाई कराने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कार्य को एक माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। आने वाले सर्दी के मौसम में कोहरे के चलते होने वाले हादसों पर लगेगी रोक।
आपको बताते चलें कि इस क्षेत्र में लंबे समय से झाड़ियों के कारण लोगों को न केवल गंदगी और मच्छर जनित बीमारियों का खतरा था, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दृश्यता में बाधा भी पैदा हो रही थी। मानसून के बाद यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा झाड़ियां अपराधियों के छिपने और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों होने की भी बात सामने आ रही है।
स्थानीय लोगों की मांग पर यह सफाई अभियान शुरू किया जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि ग्रीन बेल्ट साफ-सुथरी और व्यवस्थित होगी तो वहां हरियाली को बनाए रखना और पौधारोपण करना आसान होगा। इससे वायु प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी और क्षेत्र का सौंदर्य भी बढ़ेगा।