सर्वे के दौरान पुलिया से टकराई सिटी बस, इंजन टूटासंवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। तिगांव और मंझावली के बीच रिंग रोड का निर्माण पूरा हो गया है। रूट पर दोबारा से बसों का संचालन शुरू करने के लिए मंगलवार को सर्वे किया गया। सर्वे के दौरान तिगांव कॉलेज के पास बनी पुलिया पर सिटी बस टकरा गई और बस का इंजन टूट गया व तेल फैलने लगा। इसके अलावा गांव कोराली में मुख्य द्वार बनने की वजह से रास्ते को बंद किया हुआ है। इन दोनों कारणों की वजह से अभी दोनों रूटों पर बसों का संचालन नहीं किया जाएगा।
सिटी बस इंचार्ज अंकित त्यागी ने बताया कि सड़क के निर्माण कार्य के दौरान रूट नंबर 909 और 916 को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया था। अब सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उसी वजह से मंगलवार को टीम के साथ सर्वे किया गया। सर्वे के दौरान बस के अंदर 20 के करीब सवारियां भी मौजूद थी। जैसे ही बस गांव तिगांव में स्थित कॉलेज के पास बनी पुलिया पर पहुंची। तभी बस लो फ्लोर होने के चलते पुलिया से टकरा गई और इंजन टूट गया। इंजन टूटने की वजह से तेल सड़क पर बहने लगा। जिस वजह से बस आगे नहीं जा पाई। इसके अलावा गांव कोराली में मुख्य द्वार बन रहा है। जिस वजह से अभी उस रास्ते को अस्थायी तौर पर बंद किया हुआ है। इन दोनों वजह से अभी दोनों रूटों पर बसों का संचालन शुरू नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि कुछ समय के बाद दोबारा से सर्वे करेंगे। उसके बाद ही बसों के संचालन के बारे में उच्च अधिकारियों से बात की जाएगी।