अंतिम चरण में तेजी से चल रहा है एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य, बस में सफर करने वाले यात्रियों के लिए किए खास इंतजाम
हेमलता रावत
बल्लभगढ़। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य अंतिम चरण में तेजी से चल रहा है। हर चौराहे पर बस क्यू शेल्टर का निर्माण कर दिया गया है। अब इस एक्सप्रेसवे से गुजरने वाली बसों में सफर करने वाले यात्रियों को सर्दी, गर्मी व बरसात में कोई परेशानी नहीं होगी। वहीं दूसरी ओर सड़क हादसों को रोकने के लिए अंडरपास के दोनों ओर बनी सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं, ताकि तेज रफ्तार से आ रहे वाहन अंडरपास के पास आते ही स्पीड कंट्रोल कर सकें और हादसों को रोका जा सके।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का कार्य तेजी से चल रहा है। सभी फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है लेकिन कुछ जगह पर स्ट्रीट लाइटें लगाने व अन्य कार्य किए जा रहे हैं जो इस महीने के अंत तक पूरे हो जाएंगे। जिसके बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। अभी सेक्टर-62 के पास इंटरचेंज का कार्य चल रहा है। वह भी आने वाले 5 महीने के अंदर पूरा होने की उम्मीद है। उसके बाद जिले के लोग आसानी से जेवर के लिए भी सफर कर पाएंगे। इसके अलावा इस एक्सप्रेसवे से गुजरने वाली बसों के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। बसों में सफर करने वाले यात्रियों को सर्दी, गर्मी, बरसात में सड़क के किनारे खड़ा होकर बस का इंतजार करना पड़ता था। जिसके चलते यात्रियों को परेशानी होती थी। इसलिए एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुविधा के लिए मुख्य चौक चौराहों पर बस क्यू शेल्टर बना दिए गए हैं। कुछ जगह ऐसी भी हैं जहां पर बस सेवा शुरू नहीं हुई है लेकिन बस क्यू शेल्टर बना दिए हैं। जिससे भविष्य में लोगों को सुविधा मिलेगी।
गांव व सेक्टर के नाम पर रखा है शेल्टर का नाम
एक्सप्रेसवे पर अभी तक करीब 15 से 20 बस क्यू शेल्टर बनाए जा चुके हैं। जिनके नाम गांव व सेक्टर के नाम पर रखे गए हैं। अभी तक पृथला विधानसभा क्षेत्र के अंदर आने वाले गांव मलेरना में कोई बस सेवा शुरू नहीं है। जिसके चलते गांव के पास से गुजर रहे एक्सप्रेसवे पर गांव मलेरना के नाम से बस क्यू शेल्टर बना दिया है। इसके अलावा गांव साहुपुरा, सेक्टर 62, सेक्टर 2, तिगांव चौक, सेक्टर 12, सेक्टर 8 आदि के नाम से भी क्यू शेल्टर बनकर तैयार हो चुके हैं।
904 रूट के यात्रियों को मिली सुविधा
अभी बल्लभगढ़ बस डिपो से सिटी बस की ओर से रूट नंबर 904 चलाया जा रहा है। जोकि बल्लभगढ़ बस डिपो से तिगांव रोड के रास्ते सेक्टर 3 चौक से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते बदरपुर बॉर्डर को जाती है। बस क्यू शेल्टर के बनने से बस अब स्टॉप पर ही रुकती है। जिससे यात्री इधर-उधर खड़े नहीं होते हैं और बस चालक भी आसानी से यात्रियों को उतार व चढ़ा देते हैं।
अंडरपास के नजदीक बने स्पीड ब्रेकर
सड़क हादसों को रोकने के लिए एक्सप्रेसवे पर बने अंडरपास के दोनों ओर बनी सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं। जिसके चलते दूर से तेज रफ्तार से आ रहे वाहन अंडरपास के पास आते ही स्पीड को स्लो कर लेते हैं और हादसा होने का डर नहीं रहता है। इसके अलावा रात के समय अंडरपास से गुजर रहे दोपहिया वाहनों को कोई परेशानी ना हो उसके लिए अंडरपास के एक तरफ बड़ी वाली सोलर लाइटें लगाई जा रही हैं।