फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: फोन चलाते हुए बस चला रहा था चालक, 6 वर्षीय मासूम को दो बार कुचला

विज्ञापन
विज्ञापन
पांच घंटे तक एंबुलेंस में शव लेकर भटकते रहे परिजन
विज्ञापन

-पल्ला थाना क्षेत्र के शनि बाजार के पास हुआ दर्दनाक हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी

फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एलकेजी में पढ़ने वाली 6 वर्षीय मासूम काव्या की बस की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना शनिवार बाजार के पास करीब 1:30 बजे हुई। परिजनों का आरोप है कि बस चालक मोबाइल फोन चलाने में व्यस्त था, जिसके कारण उसने बच्ची को नहीं देखा और बस से उसे कुचल दिया। उनका दावा है कि बच्ची बस के पहियों के नीचे आने के बाद चालक ने वाहन को आगे-पीछे किया, जिससे वह दो बार बस की चपेट में आ गई।

परिजनों के अनुसार, काव्या अपनी मां के साथ मां की चाची के घर जा रही थी। सड़क पार करने से पहले मां ने बस चालक को रुकने का इशारा भी किया, लेकिन चालक ने ध्यान नहीं दिया और तेज रफ्तार में बस आगे बढ़ा दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
विज्ञापन


परिजनों का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद डायल-112 पर सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से बच्ची को तुरंत बीके अस्पताल ले जाने के लिए कहा। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद काव्या को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया था कि वह अस्पताल पहुंच रही है, लेकिन काफी देर तक कोई पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा। उनका यह भी आरोप है कि इस दौरान बस चालक और बस को छोड़ दिया गया। इसके अलावा, जिस शिकायत की जानकारी उन्होंने पुलिस को दी थी, उसकी कार्रवाई होने के बजाय शिकायत बंद होने का संदेश भी उनके मोबाइल पर प्राप्त हो गया।

इससे नाराज परिजन बच्ची के शव को एंबुलेंस में रखकर देर शाम करीब सात बजे पल्ला थाने पहुंचे। परिजनों का कहना था कि वे लगभग पांच घंटे तक मासूम के शव को एंबुलेंस में लेकर इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। थाने के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते नजर आए। इस दौरान काव्या की मां व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने कहा कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे बच्ची का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
विज्ञापन


परिजनों के दोबारा पहुंचने के बाद पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, बस मदरसन कंपनी की बताई जा रही है। परिजनों ने चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है आरोपियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें