धनतेरस और दिवाली पर लोगों ने सोने के आभूषणों और सिक्कों में खूब रुचि दिखाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। धनतेरस और दिवाली पर जिले के सराफा बाजार में सोने की अच्छी खरीदारी हुई। ग्राहकों ने त्योहार के मौके पर सोने के आभूषणों और सिक्कों में खूब रुचि दिखाई। वहीं, चांदी के लगातार घटते-बढ़ते दामों ने सराफा कारोबारियों की बिक्री की योजना बिगाड़ दी। कीमतों में उतार-चढ़ाव के चलते कारोबारी पर्याप्त मात्रा में चांदी का स्टॉक नहीं रख पाए। इसका असर त्योहार के दौरान चांदी की खरीदारी पर देखने को मिला।
सराफा कारोबारियों के अनुसार, इस बार सोने की बिक्री उम्मीद के अनुरूप रही। सोने के दामों में गिरावट का असर बाजार पर देखने को मिला, लोगों ने जमकर खरीदारी की। वहीं, चांदी की कीमतों में लगातार बदलाव के कारण ग्राहक और दुकानदार दोनों असमंजस में रहे। कारोबारियों ने बताया कि कीमतों में बदलाव के चलते पहले से ज्यादा स्टॉक रखना जोखिम भरा था। ऐसे में मांग होने के बावजूद कई बार ग्राहकों को उनकी पसंद के अनुसार चांदी के सामान उपलब्ध कराने में परेशानी हुई।
उन्होंने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार सराफा कारोबार की कुल बिक्री में करीब 8 से 10 प्रतिशत तक कमी आई है। हालांकि, इसका मुख्य कारण चांदी की खरीदारी में आई गिरावट रही। सोने के कारोबार पर इसका विशेष असर नहीं पड़ा। कारोबारियों का कहना है कि यदि चांदी की कीमतों में स्थिरता रहती तो बिक्री के आंकड़े बेहतर हो सकते थे।
बातचीत
इस बार धनतेरस पर सोने की बिक्री अच्छी रही। ग्राहकों ने आभूषणों और सिक्कों की खरीदारी की। सोने के घटे दामों का लाभ हुआ। - प्रियांशु सोनी
चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव के कारण स्टॉक रखने में परेशानी हुई। मांग होने के बावजूद हम पहले की तरह पर्याप्त मात्रा में सामान उपलब्ध नहीं करा पाए। - सुशांत नौनिहाल
पिछले साल के मुकाबले इस बार कारोबार में करीब 8 से 10 प्रतिशत की कमी रही। इसमें सबसे ज्यादा असर चांदी की बिक्री पर देखने को मिला। - रितेश, सराफा व्यापारी
त्योहार पर ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंचे, लेकिन चांदी की कीमतों में बदलाव से कुछ ने खरीदारी टाल दी। कीमतें स्थिर रहतीं तो बिक्री बेहतर होती। - विशाल, सराफा व्यापारी