फरीदाबाद। मुजेसर से लोहे की शीट लेकर आए ट्रक से 315 किलो माल कम उतरने का मामला सामने आया है। ट्रांसपोर्टर ने अपने ही चालक पर माल की हेराफेरी करने का आरोप लगाया है। सेक्टर-55 निवासी प्रवीण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह नेहरू ग्राउंड एनआईटी-1 में ट्रांसपोर्ट का काम करता है।
चार नवंबर को आशीर्वाद स्टील के कर्मचारी बबलू ने उसे फोन कर सेक्टर-24 स्थित एक कंपनी और मुजेसर से लोहे की शीट लाने का ऑर्डर दिया था। इसके बाद उसने अपने चालक गुलफान को ट्रक देकर माल लेने भेजा। चालक माल लेकर दुकान पर पहुंचा तो कर्मचारियों ने बताया कि मंगवाए गए माल में से 315 किलो लोहे की शीट कम है। ट्रांसपोर्टर ने चालक पर हेराफेरी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि कोतवाली थाना ने पांच नवंबर को चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। संवाद