फरीदाबाद ओखला एंक्लेव में डीटीपी ने हटाया अतिक्रमण। स्रोत-डीटीपी।
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में की गई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार को ओखला एन्क्लेव (दुर्गा बिल्डर) क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ अभियान चलाया। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में की गई जिसमें 12 दुकानों और 8 मकानों को ध्वस्त किया गया है।
जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) यजन चौधरी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में भारी पुलिस बल की मौजूदगी रही ताकि किसी तरह का विरोध या अवरोध न हो। सुबह से ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई थी और चिन्हित अवैध निर्माणों को जेसीबी मशीनों की मदद से गिराया गया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में हलचल का माहौल रहा और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
डीटीपी यजन चौधरी ने बताया कि यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत की गई है और भविष्य में भी अवैध निर्माण के खिलाफ इसी तरह सख्ती बरती जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में भी यदि कोई नियमों का उल्लंघन कर निर्माण करता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से दुकानें और मकान बनाए जा रहे थे जिससे मूलभूत सुविधाओं पर दबाव बढ़ने के साथ यातायात और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं भी उत्पन्न हो रही थी।