- नगर निगम की ओर से सड़कों के किनारे से हटाया गया अतिक्रमण
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम की ओर से अतिक्रमण व अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ तोड़फोड़ अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। इस दौरान निगम के तोड़फोड़ दस्ते ने सेक्टर-15 और 16 में सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले रेहड़ी-पटरियों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। मौके पर लोगों ने तोड़फोड़ कार्रवाई का विरोध जताया, लेकिन पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया।
ओल्ड फरीदाबाद नगर निगम की टीम दोपहर सेक्टर-15, सेक्टर-16 व 16ए में पहुंची। जहां सड़कों के किनारे अवैध रूप से रेहड़ी-पटरियों पर दुकानें सजा कर अतिक्रमण किया हुआ था, जो सेक्टरों की सौंदर्यीकरण को खराब कर रहे हैं, साथ में ये रेहड़ियों-पटरियों पर लगे हुए अवैध दुकानों पर शरारती तत्व व आपराधिक किस्म के लड़के यहां आकर ठहरते हैं, और मौका देखते ही लोगाें से छीना- झपटी, चोरी की वारदातों को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। एसडीओ सुरेंद्र हुड्डा ने बताया कि इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए ओल्ड फरीदाबाद नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण व अवैध कब्जा हटाओं अभियान की शुरुआत की गई हैं। इसी क्रम में कनिष्ठ अभियंता योगेश की देखरेख में सेक्टर-15 और सेक्टर-16, 16ए की सड़कों पर लगी रेहड़ियों-पटरियों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया हैं। उन्होंने कहा कि ये कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।