संवाद न्यूज एजेंसी बल्लभगढ़। स्मार्ट सिटी में लगातार चार दिन से हो रही बारिश के बीच डबुआ-गाजीपुर क्षेत्र में एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। बारिश से बचने के लिए एक सांड मकान की सीढ़ियों के रास्ते पहली मंजिल पर जा पहुंचा।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। स्मार्ट सिटी में लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे आम लोगों के साथ लावारिस पशुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वायरल वीडियो के अनुसार, गाजीपुर क्षेत्र में बारिश के दौरान एक मकान का दरवाजा खुला हुआ था। इसी दौरान सांड घर के अंदर दाखिल हो गया और सीढ़ियों के रास्ते पहली मंजिल पर पहुंच गया। आसपास के लोगों ने काफी मशक्कत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारा। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान लावारिस पशुओं के लिए भी सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था की जानी चाहिए।