फरीदाबाद। अरावली वन संरक्षित क्षेत्र में अवैध रूप से करीब पांच एकड़ जमीन पर कब्जा कर चारदीवारी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की शिकायत पर भूमाफिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, वन विभाग, भू-विज्ञान विभाग, नगर निगम व खनन विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मार कर कार्रवाई की थी। आरोप है कि अवैध खनन के मकसद से जमीन पर कब्जा किया गया।
खनन विभाग की इंस्पेक्टर कमलेश कुमारी ने बताया कि पिछले दिनों उन्होंने नगर निगम और मुख्यमंत्री उड़न दस्ता की टीम के साथ श्री नारायण गोशाला की चारदिवारी से लगती करीब पांच एकड़ जमीन का निरीक्षण किया। टीम ने पाया की यह जमीन गांव मेवला महाराजपुर की राजस्व संपदा अरावली वन संरक्षित क्षेत्र में आती है। जिस पर गांव मेवला महराजपुर निवासी संदीप चपराना अवैध खनन करके चारदीवारी बनवा रहा है। जमीन के कुछ हिस्से पर अवैध रूप से मिट्टी डालकर समतल करके अवैध खनन करके चारदीवारी की हुई है। मौके पर कुछ हिस्से में से पत्थर तोड़कर चारदीवारी बनाई जा रही थी। देखने में आया कि अवैध खनन किया जा रहा है। सूरजकुंड थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।