फरीदाबाद। मुजेसर गांव में शनिवार सुबह बिजली निगम की लापरवाही के कारण करंट लगने से एक भैंस मर गई। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है और उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
भैंस के मालिक ने बताया कि वह सुबह अपने घर पर भैंस को बांध रहे थे। इसी दौरान भैंस अचानक उनके हाथ से रस्सी छुड़ाकर भाग गई और पास में लगे ट्रांसफार्मर के निकट पहुंच गई। ट्रांसफार्मर पर बिजली की तार नीचे तक लटक रही थी, जिसकी चपेट में आने से भैंस को करंट लग गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृत भैंस की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये थी।ग्रामीण सुखवीर गौदारा और अजय का आरोप है कि गांव में कई ट्रांसफार्मरों पर बिजली की खुली तारें लंबे समय से लटक रही हैं लेकिन बिजली निगम की ओर से इन्हें ठीक नहीं कराया गया। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर के पास से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग और स्कूली बच्चे गुजरते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली निगम से मांग की है कि गांव के सभी ट्रांसफार्मरों की तत्काल जांच कर खुले तारों को ठीक कराया जाए। संवाद