सोमवार तक कर सकेंगे आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खेड़ी गुजरान स्थित राजकीय महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बीएससी लाइफ साइंस कोर्स शुरू करने की आधिकारिक मंजूरी मिल गई है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय से हरी झंडी मिलने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने कोर्स और सीटों से संबंधित पूरी जानकारी अपने आधिकारिक पोर्टल पर अपडेट कर दी है।
इस ग्रामीण क्षेत्र के कॉलेज में विज्ञान संकाय का यह पहला पाठ्यक्रम है। मेडिकल और बायोटेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अपना भविष्य संवारने का सपना देख रहे छात्रों के लिए यह एक बेहतरीन मौका है। इच्छुक विद्यार्थी सोमवार तक इस कोर्स में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों की लंबे समय से थी मांग
खेड़ी गुजरान कॉलेज में वर्तमान में स्नातक के विभिन्न विषयों में करीब एक हजार छात्र पढ़ाई कर रहे हैं, जिनमें अधिकांश आसपास के ग्रामीण इलाकों से हैं। कॉलेज में साइंस कोर्स शुरू करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। बीते शैक्षणिक सत्र में भी निदेशालय को प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन तब मंजूरी नहीं मिल सकी थी। इस बार कॉलेज प्रबंधन के प्रयासों को सफलता मिली है।
पहले चरण में 40 सीटें, कॅरिअर के खुलेंगे नए रास्ते
पहले चरण में इस कोर्स के लिए 40 सीटें तय की गई हैं। बारहवीं कक्षा विज्ञान संकाय से पास करने वाले छात्र इसके लिए पात्र होंगे। कॉलेज प्राचार्या के अनुसार, इस कोर्स को करने के बाद छात्रों के पास मेडिकल लैब टेक्नीशियन, फूड टेक्नोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी और हेल्थकेयर सेक्टर जैसे क्षेत्रों में शानदार कॅरिअर बनाने के बेहतरीन विकल्प मौजूद रहेंगे। इस फैसले से ग्रामीण क्षेत्र के होनहार छात्रों के सपनों को नई उड़ान मिलेगी।