फरीदाबाद। तिगांव थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही 10वीं की छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म मामले में दोनों आरोपियों इंतजार व विकास को बुधवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है।
शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि दुष्कर्म करने वाले आरोपी इंतजार पर यूपी में लूटपाट समेत चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। तिगांव थाना पुलिस के पास ये मामला 4 मई रविवार को सामने आया था। 10वीं कक्षा की 15 साल की छात्रा ने पुलिस को शिकायत दी कि 3 मई की सुबह वो अपने छोटे भाई के साथ स्कूल के लिए निकली थी। भाई को उसके स्कूल छोड़कर वो अपने स्कूल जा रही थी। इसी दौरान कार सवार दो युवकों ने उसे खींचकर जबरन अपनी कार में डाल अपहरण कर लिया। फिर उसे सुनसान जगह पर ले गए, जहां एक आरोपी ने दुष्कर्म किया। बाद में उसे स्कूल के पास छोड़कर आरोपी भाग गए। एफआईआर दर्ज कर थाना तिगांव पुलिस व अपराध शाखा सेक्टर 65 की टीम ने कार्रवाई करते हुए चांदपुर गांव निवासी इंतजार व उसका साथ देने वाले विकास को गिरफ्तार किया। ब्यूरो