गणतंत्र दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था जांचने के लिए की गई मॉक डि्रल
दो घंटे तक परिसर सील रहने से प्रभावित रहा कामकाज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था के हालात जांचने के लिए शुक्रवार सुबह सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय परिसर में मॉक डि्रल की गई। बम निरोधक दस्ते, पुलिस, दमकल विभाग, डॉग स्क्वाड व अन्य टीमों ने भारी पुलिस बल के साथ पूरे परिसर को अपने घेरे में लिया। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा चलाया गया यह सघन चेकिंग अभियान सुबह ठीक नौ बजे शुरू हुआ। अभियान की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शुरुआत में ही पूरे सचिवालय परिसर को चारों तरफ से सील कर दिया, जिससे वहां मौजूद लोगों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
चेकिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए थाना पुलिस ने सरकारी कार्यालयों में आने वाले सभी कर्मचारियों, उच्च अधिकारियों और अपने निजी कार्यों के लिए पहुंचे आम नागरिकों को मुख्य प्रवेश द्वार पर ही रोक दिया। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए किसी भी व्यक्ति को बिल्डिंग के भीतर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई। इस अचानक हुई कार्रवाई के कारण कड़कड़ाती ठंड में भी सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को करीब दो घंटे तक भवन के बाहर ही इंतजार करना पड़ा। मुख्य गेट बंद होने और प्रवेश वर्जित होने के कारण सचिवालय का सरकारी कामकाज भी बुरी तरह प्रभावित रहा और दफ्तरों में सन्नाटा पसरा रहा।
पुलिस प्रशासन ने जानकारी दी है कि 26 जनवरी तक जिले के अन्य संवेदनशील स्थानों, जैसे रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, अस्पतालों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में भी इसी तरह के आकस्मिक चेकिंग अभियान जारी रहेंगे। प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं भी कोई लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को दें। फिलहाल सचिवालय में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और तलाशी के बाद कामकाज दोबारा सुचारू रूप से शुरू कर दिया गया है।