संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-21 सी स्थित एक कोठी में काम करने वाली घरेलू सहायिका का शव फंदे से लटका मिला। मृतका नाबालिग थी। परिजनों ने मकान मालिक पर हत्या का आरोप लगाया है। उनकी मांग है कि शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के बोर्ड से करवाया जाए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतका किशोरी के भाई अनिल ने बताया कि बहन पिछले एक साल से कोठी में घरेलू सहायिका का काम करती थी। करीब दो माह पहले उसने काम छोड़ दिया था, लेकिन कुछ दिन पहले उसकी दोस्त पूजा ने फोन कर बताया कि मकान मालकिन तुम्हें दोबारा से काम पर बुला रही है। किशोरी ने इसके बाद दोबारा काम पर जाना शुरू कर दिया। कोठी में दंपती के अलावा दो छोटे बेटे और एक बेटी रहती है। पांच मार्च को किशोरी सुबह आठ बजे अपनी मां कमला को बताकर काम पर चली गई। दोपहर बाद परिजनों को सूचना मिली कि बहन ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पाकर परिवार मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। परिजनों का कहना है किशोरी काफी हंसमुख थी। वह आत्महत्या नहीं कर सकती। आरोप है किसी ने उसकी हत्या कर शव को लटका दिया।