फरीदाबाद। एक जून को सेक्टर-37 से लापता हुए बिल्डर जुगल किशोर गोयल का शव क्राइम ब्रांच ने यूपी के खतौली से बरामद कर लिया है। हत्या के आरोप में पुलिस ने अजय और पीटर के नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर ही पुलिस ने बिल्डर का शव मेरठ स्थित गांव खतौली के पास एक नहर से बरामद कर लिया है।
बिल्डर जुगल किशोर एक जून को अपनी कार में घर से निकले थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीटर के साथ जुगल किशोर की कोई डील चल रही थी। अंदेशा है कि डील को लेकर ही उनकी हत्या की गई है। क्राइम ब्रांच अब दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। जुगल किशोर के बेटे ने मनोज गोयल ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके पिता जुगल किशोर (67) बिल्डर हैं। जुगल अपनी ब्रेजा कार लेकर घर से निकले थे, लेकिन वापस घर नहीं लौटे। परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश के बाद पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था। शव और कार बरामद करने के बाद पुलिस ने अब हत्या की धारा जोड़ दी है।