-एसी नगर का मामला, 18 नामजद और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एसी नगर में किरायेदार रखने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दो पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और अन्य सामान से हमला किया, जिसमें एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 18 नामजद आरोपियों और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में एसी नगर निवासी कृष्णा ने बताया कि 21 जून की शाम मेरे भाई सुमन के घर उनकी पत्नी वर्षा किरायेदार को लेकर गई थी। वहां हरीश कुमार के पड़ोस में रहने वाली महिला सुमन और उसकी बहन विपिन ने किरायेदार को लेकर विरोध जताया। सुमन ने हरीश को किरायेदार रखने से मना किया। सुमन ने हरीश से कहा कि किरायेदार को उनके घर के पास साफ-सफाई करनी होगी। जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि झगड़े के दौरान उनकी मां शकुंतला देवी, भाई महेंद्र, रिश्तेदार महक, मंजीत और अन्य लोगों के साथ मारपीट की गई। घायलों को उपचार के लिए बीके अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी मां आईसीयू में भर्ती हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि कोतवाली थाना में सुमन, कुमकुम, विपिन, अंजली, कविता, कांता देवी, शेरा, पप्पू, धीरू, तनिश, सोनू, कुनाल, अमन, मनोहर लाल, राजवीर, सूरज और तुलसी समेत अन्य लोगों के खिलाफ 22 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।