बल्लभगढ़। सेक्टर तीन स्थित एफआरयू (फर्स्ट रेफरल यूनिट) में 27 सितंबर तक खून की जांच नहीं की जाएगी। क्योंकि लैब कर्मचारियों की दयालपुर स्वास्थ्य केंद्र पर कुछ दिनों के लिए ड्यूटी लगा दी गई है। इससे मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है। उन्हें अन्य सरकारी अस्पताल या निजी लैब का सहारा लेना पड़ सकता है।
एफआरयू सेक्टर तीन के मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिव प्रसाद ने बताया कि दयालपुर स्वास्थ्य केंद्र पर कुछ दिनों में नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड की टीम का दौरा किया जाना है लेकिन वहां कर्मचारियों की कमी है। इसीलिए दयालपुर में कर्मचारियों की कमी को दूर करने के साथ व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए एफआरयू के सभी लैब कर्मियों को वहां भेजा गया है।
इस कारण मरीजों के खून की जांच नहीं हो पाएगी। एफआरयू में जांच न होने पर नोटिस लैब के बाहर चस्पा कर दिया गया है। इसमें लिखा गया है कि स्वास्थ्य केंद्र पर अभी खून की जांच नहीं की जाएगी। मरीज बीके अस्पताल या बल्लभगढ़ सब सिविल अस्पताल जाकर किसी प्रकार का टेस्ट कराएं। केंद्र पर मंगलवार तक ब्लड टेस्ट नहीं किए जाएंगे।