नारी शक्ति वंदन बिल गिरने पर जोरदार नारेबाजी की
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर फरीदाबाद में राजनीतिक बयानबाजी और विरोध-प्रदर्शन तेज हो गया है। बुधवार को सेक्टर-16 स्थित नेहरू कॉलेज के सामने भाजपा महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया।
कार्यकर्ताओं ने बिल गिरने के विरोध में राहुल गांधी का पुतला दहन कर नारेबाजी की और कांग्रेस पर महिला विरोधी मानसिकता का आरोप लगाया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं, कॉलेज छात्राओं और युवाओं की भागीदारी देखी गई।
भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष राजबाला सरधाना ने कहा कि महिला आरक्षण जैसे लंबे समय से लंबित मुद्दे पर कथित रूप से जश्न मनाना बेहद निंदनीय है। उनके अनुसार यह आचरण महिलाओं की भावनाओं और अधिकारों के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने सुनियोजित तरीके से महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए कदम को बाधित किया है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
कांग्रेस की सोच पर उठाए सवाल भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं महिला मोर्चा प्रभारी सीमा भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति में महिला सशक्तीकरण सीमित दायरे तक ही दिखाई देता है। भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सचिन ठाकुर ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इसका विरोध कर अपनी सोच स्पष्ट कर दी है।
इस दौरान अनीता शर्मा, भारती भाकुनी, प्रभा सोलंकी, खुशबू सिंह, शालिनी मंगला, यशवंती मलिक सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।