पत्नी को कंपनी छोड़कर घर लौट रहा था बाइक सवार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नीलम चौक के पास बाइक सवार को ऑटो ने टक्कर मार दी। पीछे से टक्कर लगने के कारण बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा। जब तक वह संभल पाता कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया। हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बीके अस्पताल स्थित शवगृह में रखवा दिया। मृतक निजी कंपनी में काम करता था।
पंकज शर्मा (43) मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे पत्नी को सेक्टर-29 इलाके में स्थित साईं एक्सपोर्ट में छोड़कर अपने घर डबुआ लौट रहे थे। जैसे ही वह बाइक से अजरौंदा फ्लाईओवर पर चढ़े कि तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ऑटो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिसके चलते वह गिर गए। सड़क पर गिरने के बाद पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में पंकज शर्मा की अस्पताल पहुंचते-पहुंचते मौत हो गई।