बिहार में विधानसभा चुनाव में पूर्व मंत्री नायर को मिली जिम्मेदारी,पार्टी नेतृत्व का किया धन्यवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। यूपी व राजस्थान सहित दिल्ली में हुए विधानसभा सभा चुनावों में पार्टी को जीत दिलाने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व आबकारी कराधान मंत्री जगदीश नायर को बिहार में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी मिली है। चुनाव में जिम्मेदारी मिलने के बाद पूर्व मंत्री बिहार के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सैनी सहित केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व की ओर से मिली जिम्मेवारी का ईमानदारी के साथ निभाकर एनडीए के उम्मीदवार को जिताने का काम करेंगे।
सोमवार को नवरात्रों के पहले दिन बिहार चुनाव प्रचार में जाने से पहले पूर्व मंत्री जगदीश नायर ने आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि पार्टी की ओर से उन्हें बिहार के जिला भागलपुर के शहरी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करने की जिम्मेवारी दी गई है। जिसके तहत वह पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर एनडीए प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित कराएंगे। पूर्व मंत्री नायर ने कहा कि रूझान के अनुसार बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बन रही है।