फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सफर से पहले ही बहनों से झेली आफत

विज्ञापन
बल्लभगढ़ बस अड्डा रोडवेज बस में कुछ इस तरह भरे यात्री नही तो मास्क लगाया ओर न ही सामाजिक दूरी का कि - फोटो : Faridabad
विज्ञापन
बल्लभगढ़। भैयादूज के दिन भाई को तिलक करने से पहले हरियाणा रोडवेज की बसों में बहनों का सफर आफत भरा रहा। बसों का इंतजार, सीट के लिए मारामारी और उस पर कोरोना जैसी बीमारी के बावजूद लोग बसों में एक-दूसरे से सटकर बैठने को मजबूर हुए। प्राइवेट बसों के हालात भी ऐसे ही थे। इस दौरान कोविड-19 के नियम पूरी तरह से ध्वस्त नजर आए। वहीं, ऑटो में भी जाने वाले लोगों में कोई दूरी नहीं देखी गई। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए हरियाणा परिवहन निगम की तरफ से चार रूटों आगरा, अलीगढ़, सोहना और गुरुग्राम के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया। इसके बावजूद यात्रियों की संख्या को देखते हुए रोडवेज के यह इंतजाम नाकाफी नजर आए।
विज्ञापन

भैयादूज की अल सुबह ही लोग बस अड्डे पहुंच गए। इसमें ज्यादातर महिलाएं-युवतियां रहीं। इस दौरान कोविड-19 के नियमों की धज्जियां उड़ती नजर आईं। सीट हासिल करने के लिए बल्लभगढ़ बस अड्डे पर बस के रुकते ही भीड़ टूट पड़ी। पहले सवार होने की जल्दी में न तो किसी ने सामाजिक दूरी के नियमों को माना और न ही यात्रियों के तापमान की जांच की जा सकी। कई यात्री तो इस कदर लापरवाह नजर आए कि उन्होंने मास्क लगाना तक जरूरी नहीं समझा। कुछ बसों में हालात ऐसे थे कि सभी सीट फुल हो जाने के बाद लोगों ने बसों में खड़े होकर सफर किया।
वाहन के इंतजार में घंटों खड़े रहे
अपने-अपने गंतव्य पर पहुंचने के लिए यात्रियों में काफी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। जहां सफर करने के लिए महिलाएं अपने परिजनों (महिला, बच्चे और पुरूष) के साथ घंटों वाहन के इंतजार में खड़ी रहीं। रोडवेज अधिकारियों का दावा है कि भीड़ के हिसाब से आगरा, अलीगढ़, सोहना और गुरुग्राम के लिए अतिरिक्त बसों का इंतजाम किया गया था। इसके बावजूद बसों की संख्या यात्रियों की संख्या के मुकाबले कम ही रही।
विज्ञापन

ऑटो चालकों ने उठाया फायदा
बसों की कमी व जल्द पहुंचने की प्रतिस्पर्धा का फायदा ऑटो चालकों ने भी उठाया। जहां उन्होंने कोरोना की कोई सावधानी नहीं बरती, वहीं अधिक सवारियां बैठानेे की चालकों में होड़ रही। इसी के साथ ऑटो चालकों ने अपनी मर्जी का किराया वसूला। इसके अलावा जो यात्री कोरोना महामारी के चलते डरे हुए थे, उन्होंने ऑटो बुक करके सफर किया। ऐसे यात्रियों से भी मनमाना किराया वसूला गया।
बस अड्डे में रहा गंदगी का अंबार
उम्मीद से अधिक यात्री के पहुंचने से हरियाणा परिवहन निगम के बस अड्डे के अंदर व बाहर गंदगी का आलम रहा। यात्री खूब खाने पीने का सामान खरीद रहे थे। जहां-तहां खाने-पीने के सामान के खाली पैकेट फेंक रहे थे। इससे चारों तरफ गंदगी का ढेर लग गया।
जगह-जगह रही जाम की स्थिति
शहरी क्षेत्र के अलावा गांव के रूटों पर भी भैया दूज के कारण सोमवार सुबह से ही जाम की स्थित बनी रही। दिल्ली-आगरा हाईवे, मोहना रोड, तिगांव रोड, ऊंचा गांव रोड के अलावा मुख्य बाजारों के अंदर भी ट्रैफिक जाम की समस्या से लोग जूझते रहे। जाम खुलवाने और व्यवस्था बनाने के लिए पुलिसकर्मी भी मशक्कत करते नजर आए।
कोट
यात्रियों के सफर का विशेष ध्यान रखा गया था। परेशानी न हो इसके लिए अलीगढ़ के लिए 18, आगरा के लिए 10, गुरुग्राम के लिए 16 और सोहना के लिए 9 बसों का संचालन किया गया। सभी बसों के चालक-परिचालक को विशेष निर्देश दिए गए थे कि यात्रा के दौरान कोविड-19 के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए।
विज्ञापन

- राजीव नागपाल - महाप्रबंधक हरियाणा रोडवेज बल्लभगढ़
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें