संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। ब्लॉक डी-2 सेक्टर-10 में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा निजी अस्पताल वाले रोड पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए बैरियर लगा दिया गया है। इसके अलावा गार्ड रूम भी बनाया गया है। प्रधान जगजीत सिंह नैन, कारोबारी संजीव अग्रवाल व परखा अग्रवाल ने बताया कि ब्लॉक की सुरक्षा के लिए बहुत साहसिक कदम है। इससे ब्लॉक में असामाजिक तत्वों की एंट्री रुक जायेगी। जो व्यक्ति बाहर से ब्लॉक में आएगा और जिस घर में वह जाना चाहेगा उस घर के मुख्य व्यक्ति से बातचीत के बाद ही अंदर आने दिया जाएगा। इसके अलावा एंबुलेंस, पुलिस व अन्य सरकारी वाहनों को नहीं रोका जाएगा।
इस ब्लॉक में आने वाले बाहरी वाहनों को रोक दिया जाएगा। जो ध्वनि प्रदूषण व वायु प्रदूषण फैलाते हैं। सभी ब्लॉक की गाड़ियों को फास्टैग दे दिए गए हैं। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेंद्र बिसला ने कहा कि उन्होंने दुनिया के 50 देशों की यात्रा की है। सभी विकसित देशों में ऐसा होता है। इसलिए यह सेक्टरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण कदम है। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता शिवदत्त वशिष्ठ, महासचिव अनूप वशिष्ठ, उप प्रधान दीपा शर्मा आदि मौजूद रहे।