314 दर्ज किया गया एक्यूआई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में प्रदूषण का स्तर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी बल्लभगढ़ देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शाम 4:00 बजे जारी हुई रिपोर्ट के अनुसार, बल्लभगढ़ का औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 314 रहा। यह बहुत खराब श्रेणी में है। यह देश में सबसे ज्यादा रहा। वहीं, फरीदाबाद का औसतन एक्यूआई 227 दर्ज किया गया।
शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर भी अलग-अलग रहा। उधर, शाम 5:00 बजे के बाद शहर के अलग-अलग हिस्सों में प्रदूषण के स्तर में उतार-चढ़ाव होता रहा। सेक्टर-30 में एक्यूआई 325 तक पहुंच गया, जबकि एनआईटी में 186 और सेक्टर-11 में 143 दर्ज किया गया। पड़ोसी जिले पलवल में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही। यहां एक्यूआई 126 दर्ज हुआ।
प्रदूषित हवा का असर लोगों की सेहत और दिनचर्या पर पड़ने लगा है। सुबह और शाम बाहर निकलने पर लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन, गले में खराश और खांसी जैसी दिक्कतें हो रही हैं। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
-
प्रदूषण मीटर
स्थान एक्यूआई
बल्लभगढ़ 314
सेक्टर-30 325
फरीदाबाद 227
एनआईटी 186
सेक्टर-11 143
पलवल 126