संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गांव दयालपुर में पुरानी रंजिश को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ता पर चाकू से हमला कर दिया गया। घायल युवक को इलाज के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया। बल्लभगढ़ सदर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
बजरंग दल के सदस्य पुनीत ने बताया है कि गांव दयालपुर में रहने वाला अनुज बजरंग दल का कार्यकर्ता है । शनिवार की सुबह वह पार्क में घूम रहा था। इसी दौरान गांव का ही एक युवक ओमबीर पार्क में आया और कहासुनी के बाद उसके पेट में चाकू मार दिया और मौके से भाग गया। घायल अनुज को उपचार के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया है।
बजरंग दल के सदस्य पुनीत ने कहा कि कई महीने पहले गदपुरी थाना क्षेत्र में वन स्टाप सेंटर में एक नाबालिग लड़की के साथ रेप का मामला सामने आया था। जिसमें अनुज ने लड़की की मदद की थी और पुलिस में एक अन्य युवक जाहुल के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। उस मामले में ओमबीर केस को खत्म करवाने का दबाव अनुज पर लगातार बना रहा था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि घायल को बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को घटना की सूचना मिल चुकी है।