अहमदपुर से नरहावली मार्ग बना परेशानी का सबब, गड्ढों में तब्दील हो चुकी है सड़क
ग्रामीणों ने उठाई मरम्मत की मांग, पीडब्ल्यूडी ने जल्द कार्रवाई का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। पृथला विधानसभा क्षेत्र के अहमदपुर गांव से नरहावली गांव को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग जर्जर हो चुका है। यह सड़क जगह-जगह गहरे गड्ढे में तब्दील हो गई है। इस कारण इस पर आवागमन मुश्किल और खतरनाक हो गया है। लोगों का कहना है कि यह सड़क कई गांवों को फरीदाबाद और बल्लभगढ़ जैसे शहरों से जोड़ती है और रोजाना सैकड़ों लोग नौकरी या अन्य जरूरी कार्यों के लिए गुजरते हैं। अहमदपुर गांव के सरपंच बॉबी ने बताया कि इस सड़क से प्रतिदिन गांव के सैकड़ों लोग गुजरते हैं। कई बार लोगों की बाइक या स्कूटी इन गड्ढों में फिसल जाती है, जिससे वाहन चालकों को चोट भी लग जाती हैं।
सड़क की इस दुर्दशा के कारण कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, क्योंकि गड्ढों में पानी भरने से इनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में कई बार शिकायत की है और सड़क की जल्द मरम्मत की मांग उठाई है। ग्रामीणों की मांग पर लोक निर्माण विभाग ने जल्द ही कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
लोग बोले, हर बार मिलते हैं सिर्फ आश्वासन
सड़क पिछले कई सालों से टूटी हुई है। हर बार सिर्फ आश्वासन मिलते हैं, लेकिन सुधार का काम नहीं होता। जब बारिश होती है तो यह सड़क तालाब का रूप ले लेती है। - ग्रामीण कृष्ण
यह सड़क अहमदपुर और नरहवाली ही नहीं, बल्कि आस-पास के कई गांवों के लोगों के लिए जीवनरेखा जैसी है। यहां लगातार हो रही दुर्घटनाओं की वजह से जान का भी खतरा बना रहता है। - विष्णु नंबरदार
वर्जन
फिलहाल इस सड़क की जानकारी विभाग के पास नहीं थी। उन्होंने कहा कि यदि सड़क की हालत खराब है तो जल्द ही उसका निरीक्षण करवाया जाएगा और आवश्यकतानुसार मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा। - प्रकाशलाल, लोक निर्माण विभाग अधिकारी