जिला अस्पताल के नवजात शिशु वार्ड के एसी खराब, पंखे नाकाफी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नागरिक अस्पताल के प्रथम तल पर बने विशेष नवजात शिशु यूनिट में एसी खराब होने के कारण गर्मी से नवजात बच्चों और उनकी माता को परेशानी हो रही है। राहत प्रदान करने के लिए पंखे लगाए गए हैं, लेकिन 47 डिग्री के तापमान में यह नाकाफी साबित हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से एसी खराब हैं। इनकी मरम्मत के लिए अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
जिला नागरिक अस्पताल में बने विशेष नवजात शिशु यूनिट में करीब तीन एसी और पंखे लगे हुए हैं। वार्ड में बच्चों के साथ भर्ती उनके परिजनों ने बताया कि पिछले कई दिनों से तीनों एसी खराब हैं। गर्मी के कारण पंखे से कुछ खास राहत नहीं मिल पा रही है। इस संबंध में नर्सिंग स्टाफ से शिकायत करने पर केवल आश्वासन मिल रहा है। नाम न बताने की एवज में एक महिला ने बताया कि वार्ड को आधुनिक सुविधाओं से लैस तो बना दिया गया है लेकिन यहां गर्मी से बचाव के लिए उचित उपकरण नहीं है। नवजात बच्चों को गर्मी से बचाने में पसीने छूट रहे हैं। वार्ड में लगे पंखें भी गर्म हवा फेंक रहे हैं। अस्पताल प्रशासन को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।
व्यवस्था दुरुस्त करने की आवश्यकता
नागरिक अस्पताल के जच्चा बच्चा वार्ड में महिलाओं के लिए एसी या कूलर की व्यवस्था नहीं है। राहत के लिए लगाए गए पंखे केवल नाम मात्र हैं। गर्मी में इसका कुछ खास असर नहीं हो रहा है। वार्ड में भर्ती महिलाओं ने बताया कि गर्मी के कारण बहुत परेशानी हो रही है। सरकारी अस्पताल में सुविधाओं का अभाव है। गर्मी को देखते हुए यहां व्यवस्था दुरूस्त करने की आवश्यकता है। तेज गर्मी में बच्चों के बीमार होने का खतरा बढ़ रहा है।